उप कारागृह सोजत का निरीक्षण: विधिक सहायता क्लिनिक की व्यवस्थाओं का बारीकी से लिया जायजा।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। तालुका विधिक सेवा समिति सोजत के अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश दिनेश कुमार गढ़वाल ने शुक्रवार को उप कारागृह सोजत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार में संचालित विधिक सहायता क्लिनिक की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों को प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए जारी एस.ओ.पी. के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करना रहा। अध्यक्ष महोदय ने क्लिनिक में उपलब्ध सुविधाओं की जांच करते हुए बंदियों से सीधे संवाद किया और उनके प्रकरणों, सजा अवधि एवं कानूनी जरूरतों के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन बंदियों ने अधिकतम सजा अवधि का एक-तिहाई समय जेल में व्यतीत कर लिया है, उनकी सूचना तुरंत न्यायालय या विधिक सेवा समिति को भेजी जाए, ताकि उन्हें नियमानुसार राहत मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने किशोर बंदियों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर देते हुए कहा कि उनके अधिकारों की हर हाल में रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बंदी कानूनी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए।
अध्यक्ष ने कहा कि विधिक सेवा समिति द्वारा संचालित यह क्लिनिक बंदियों को न्याय तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है और इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान पैनल एडवोकेट मानवेंद्र भाटी, जेल कार्यप्रभारी राजाराम, कानाराम, मनमोहन सहित तालुका स्टाफ दुलीचंद कुमावत एवं सांवल प्रभात व्यास उपस्थित रहे।



