खोखरा गांव मोरेश्वर महादेव मंदिर के तालाब में मिला युवक का शव, ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया*

*

*✍️  वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा*

सोजत। सोजत क्षेत्र के खोखरा गांव स्थित प्रसिद्ध मोरेश्वर महादेव मंदिर नाड़ी में रविवार  उस समय सनसनी फैल गई, जब तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। घटना की खबर मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ग्रामीण मंदिर परिसर के पास से गुजर रहे थे, तभी तालाब किनारे एक बैग, मोबाइल फोन और चप्पल पड़े दिखाई दिए। संदिग्ध परिस्थितियों को देखकर ग्रामीणों को आशंका हुई, जिसके बाद तालाब की ओर ध्यान देने पर पानी में एक युवक का शव तैरता नजर आया। यह दृश्य देखते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत चंडावल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही चंडावल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को तालाब से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया और घटनास्थल से मिले सामान को भी कब्जे में लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लाभूराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से चंडावल क्षेत्र का निवासी था तथा लंबे समय से बैंगलोर में रहकर कार्य करता था। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोजत राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक की मौत हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!