

सोजत।
स्थानीय श्री जैन गौतम आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत में कक्षा दसवीं के परीक्षार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के सचिव एवं कार्यक्रम अध्यक्ष शिक्षाविद् महेंद्र कुमार मेहता तथा मुख्य अतिथि समिति कोषाध्यक्ष सीए गजेंद्र कुमार जैन द्वारा सरस्वती पूजन कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षाविद् महेंद्र कुमार मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट नहीं रखनी चाहिए। तनावमुक्त रहकर, पूरे आत्मविश्वास और समुचित तैयारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित होना ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए परीक्षाएं आवश्यक हैं, क्योंकि यही व्यक्ति के ज्ञान, धैर्य और परिश्रम की कसौटी होती हैं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता प्राप्त करने के लिए उपयोगी टिप्स भी दिए।
मुख्य अतिथि सीए गजेंद्र कुमार जैन ने परीक्षार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच से विद्यार्थी निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति एवं राजस्थानी संस्कृति पर आधारित गीत, कविता एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए। भूपेंद्र, कृष्णा, राखी, कविता, अनीता, नम्रता, मनीषा, निरमा एवं निशा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्तिक और वरुण ग्रुप द्वारा भारतीय नेताओं पर आधारित व्यंग्यात्मक नाटक ने उपस्थितजनों को खूब हंसाया। वहीं छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत कविता और नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। विद्यार्थियों में अपने वरिष्ठ भाइयों-बहनों की सफलता को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद् श्री महेंद्र कुमार मेहता ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में सीए गजेंद्र कुमार जैन उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार से प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा, निर्मला टांक, रिंकू मेवाड़ा, महेंद्र सिंघाड़िया, सुरेंद्र जांगिड़, नरेश बोराणा, सुनीता परिहार, रेखा कुमारी, दीपक देवड़ा, मंजूलता जोशी व्यास, वर्षा सांखला, मंदाकिनी, उषा, मैना देवी एवं रामचंद्र ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य प्रवीण शर्मा ने परीक्षार्थियों को परीक्षा में सफलता के सूत्र बताए तथा अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका रेखा कुमारी ने किया।



