मारवाड़ जंक्शन के कराड़ी गांव में दिल दहला देने वाली वारदात: बुजुर्ग महिला की हत्या, आभूषण लूटे — क्षेत्र में फैली सनसनी

मारवाड़ जंक्शन,
क्षेत्र के कराड़ी गांव में एक बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया है। महिला का शव गांव की नाड़ी के पास जंगल में पेड़ के नीचे मिलने से सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान प्यारी देवी पत्नी रामलाल सीरवी, निवासी कराड़ी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात बदमाशों ने महिला की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने महिला के पैर काट दिए तथा कान काटकर चांदी के कड़े और अन्य आभूषण लूट लिए। घटना की क्रूरता ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस व प्रशासन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही सोजत सीओ रतनाराम देवासी और मारवाड़ जंक्शन थाना प्रभारी राजेन्द्र खदाव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पाली पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन भी मौके पर पहुंचीं और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के सख्त निर्देश दिए।
फोरेंसिक टीम ने भी मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।
सीरवी समाज का धरना प्रदर्शन
घटना के विरोध में सीरवी समाज के लोगों ने मारवाड़ जंक्शन थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारियों को अन्य समाजों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे आंदोलन और अधिक उग्र होता जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। इसको लेकर पुलिस प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मारवाड़ जंक्शन, सोजत और सिरियारी से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। थाने के बाहर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त कर रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
इस दौरान सीरवी समाज महाराष्ट्र के अध्यक्ष दिनेश सीरवी सिवास, सुरेश सीरवी ईसाली, भाजपा जिला प्रवक्ता पंकज चौधरी, भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य घनश्याम चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश भेरवानी, वोराराम कराड़ी, सीरवी समाज राणावास अध्यक्ष रूपाराम सीरवी आंगदोष, जिला परिषद सदस्य सज्जन चौधरी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, क्षेत्र में फैले आक्रोश और भय को देखते हुए प्रशासन के सामने स्थिति को संभालना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
यह घटना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते अपराधों को लेकर भी गंभीर चिंता का विषय बन गई है।



