सोजत में प्रवेशोत्सव की धूम: रिजल्ट के साथ स्कूलों में खुशियों और उत्साह का माहौल।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। शहर के विभिन्न विद्यालयों में बुधवार को परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। सुबह से ही स्कूलों में विद्यार्थियों को परिणाम पत्र वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे।

अच्छे अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं के चेहरे गर्व और खुशी से खिले नजर आए, वहीं अपेक्षाकृत कम अंक पाने वाले कुछ विद्यार्थी थोड़े निराश दिखे। हालांकि, उनके साथ आए अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ ने उनका हौसला बढ़ाते हुए अगले वर्ष बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

शहर के बिरला इंटरनेशनल स्कूल, राज पब्लिक स्कूल, डीपीएस स्कूल, पुराना आदर्श विद्या मंदिर, सतगुरु विद्या मंदिर,विजय आदर्श विद्या मंदिर सहित अन्य निजी विद्यालयों में सवेरे से उत्सव जैसा माहौल बना है। विद्यालय परिसरों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और अभिभावक मौजूद रहे, जिससे पूरे वातावरण में उमंग और उल्लास का माहौल देखने को मिला।



