सोजत में भव्यता से मनाया जाएगा श्री सिद्धि भुडायत माता मंदिर का षष्टम पाटोत्सव।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। नगर के लुंडावास स्थित प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र श्री सिद्धि भुडायत माता मंदिर में आज माघ सुदी सप्तमी, रविवार 25 जनवरी को षष्टम पाटोत्सव पूरे धार्मिक उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति से सराबोर रहेगा।

पाटोत्सव के मुख्य यजमान श्रीमती मनीषा पत्नी मनीष जय नारायण व्यास होंगी, जिनके द्वारा विद्वान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन में आहुतियां दी जाएंगी तथा ध्वज-पताका फहराई जाएगी।
आयोजन को भव्य रूप देने के लिए बीते कई दिनों से व्यवस्था समिति के सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। समिति में पूर्व अध्यक्ष हितेंद्र व्यास, अध्यक्ष जितेंद्र व्यास, आचार्य पंडित हिंद प्रकाश ओझा, त्रिभुवन नारायण जोशी, चंद्रशेखर श्रीमाली, चेतन व्यास, धीरेन्द्र व्यास, सूर्य प्रकाश व्यास, धर्मेंद्र व्यास, सुदीप, माधव शास्त्री, मनोज, दिलीप व्यास, चेतन दवे, केशव भट्ट, मितेश व्यास, दिनेश, मनीष, वैभव, यश सहित कई श्रद्धालु सेवाभाव से जुटे हैं।
कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार रहेगी—
प्रातः 9 बजे शिव मंदिर में अभिषेक, गुरु फूलनारायण जी एवं माताजी का भव्य श्रृंगार व पूजन किया जाएगा। इसके पश्चात अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 11 बजे ध्वजारोहण होगा तथा यज्ञ-हवन का आयोजन किया जाएगा। शाम 4 बजे पूर्णाहुति, महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ पाटोत्सव का समापन होगा।
शनिवार को महिलाओं द्वारा रातिजोगा एवं भजन-कीर्तन सत्संग का आयोजन किया जाएगा। वहीं मंदिर परिसर स्थित भुडायत माता मंदिर एवं नर्मदेश्वर महादेव मंदिर को गुलाब के पुष्पों, सुगंधित द्रव्यों और विशेष सजावट से अलंकृत किया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
पाटोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगा, बल्कि सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करेगा।



