✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत सिटी थाना पुलिस ने 30 लाख रुपए मूल्य के डायना साबुन से भरे ट्रक को माल सहित खुर्दबुर्द करने के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए साबुन की कासिंग में प्रयुक्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा टॉप-टेन अपराधियों में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुर्दबुर्द किए गए 1459 कार्टून साबुन में से 1115 कार्टून बरामद कर लिए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है।
एसपी गगनिका रोन के निर्देशन में बनी विशेष टीम
जिला पुलिस अधीक्षक गोनिका रोन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर तथा सोजत वृत्ताधिकारी रतनाराम देवासी के सुपरविजन में थाना प्रभारी देवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
गुजरात से जयपुर जा रहा था साबुन से भरा ट्रक
पुलिस के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को भुज (गुजरात) से डायना साबुन के 1459 कार्टून भरकर ट्रक जयपुर के लिए रवाना हुआ था। ट्रक चालक रास्ते में माल सहित गायब हो गया। 4 मई 2026 को सोजत सिटी थाना पुलिस को सूचना मिली कि ट्रक चालक ने साबुन से भरे ट्रक को खुर्दबुर्द कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने गुजरात से जयपुर तक के रूट के विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि साबुन के कार्टून दूसरे ट्रक में शिफ्ट किए गए और असली ट्रक को नेशनल हाईवे-48 पर अजमेर जिले के पाटन क्षेत्र में लावारिस हालत में खड़ा कर दिया गया।
पालनपुर से पकड़ा गया ट्रक और ड्राइवर
जांच के दौरान पुलिस ने कासिंग में प्रयुक्त ट्रक को गुजरात के पालनपुर से जब्त कर लिया। ट्रक चालक मुमताज अली से तकनीकी आधार पर गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पाली निवासी सलीम खान एवं अन्य लोगों के कहने पर साबुन के कार्टून अपने ट्रक में शिफ्ट किए थे।
पुलिस ने प्रकरण संख्या 156/2026 धारा 316(3) बीएनएस 2023 के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर जैसलमेर जिले के नाहर खानसर जालोड़ा क्षेत्र से 1115 कार्टून डायना साबुन बरामद किए गए।
बाकी माल और अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अब शेष माल की बरामदगी और इस पूरे गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले में तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की जांच जारी है।
ट्रक मालिक ने दर्ज करवाई थी रिपोर्ट
इस मामले में परिवादी ननाराम देवासी निवासी बीजापुर, जिला पाली ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उन्होंने बताया कि उनका ट्रक आरजे24 जीए 2526 इंडस्ट्रियल कार्गो कॉर्पोरेशन कंपनी के माध्यम से एंकर कंज्यूमर प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, भुज (गुजरात) से डायना साबुन भरकर जयपुर के लिए रवाना हुआ था।
निर्धारित समय तक माल नहीं पहुंचने पर चालक से संपर्क किया गया, जिसने ट्रक लेट होने की बात कही। बाद में चालक का मोबाइल बंद हो गया। खोजबीन करने पर ट्रक अजमेर जिले के पाटन क्षेत्र में तुलसी होटल के सामने खाली हालत में खड़ा मिला। इसके बाद सोजत सिटी थाने में मामला दर्ज करवाया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की हो रही सराहना
सोजत सिटी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है। महज कुछ दिनों में पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और लगातार निगरानी के जरिए लाखों रुपए का माल बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया।