सोजत। निकटवर्ती ग्राम रूपावास में नवनिर्मित श्री महेश्वर महादेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में बुधवार से प्रारंभ हुए त्रिदिवसीय महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

आचार्य बीकानेर राजगुरु महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी विशोकानंद भारती महाराज की अगुवाई में, जाडन आश्रम के प्रणेता महामंडलेश्वर महेश्वरानंद महाराज द्वारा निर्मित इस मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
गांव की गलियों से गुजरती कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया।बैंड, ढोल-नगाड़ों की गूंज और रथों पर विराजित संत-महात्माओं ने यात्रा की शोभा में चार चांद लगा दिए।

इनमें प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर ज्ञानेश्वरपुरी महाराज, महामंडलेश्वर फूलपुरी महाराज, महामंडलेश्वर चेतनगिरी महाराज, महासती सोनीपुरी, अवतारपुरी महाराज, राजेंद्रपुरी महाराज, महंत कानपुरी महाराज और योगेशपुरी महाराज शामिल रहे।
इस अवसर पर आयोजित हवन यज्ञ में प्रधान आचार्य कपिल त्रिवेदी, बांसवाड़ा के त्रिपुरा सुंदरी मंदिर के कुलगुरु निकुंज मोहन पंड्या, पंडित कीर्तिश भट्ट सहित दर्जनों विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हैमाद्री, मंडप प्रवेश, कुटीर होम, शोभायात्रा, मंडपांग पूजन, जलाधीवास और मंदिर वास्तु विधान जैसे अनुष्ठान संपन्न करवाए।

हवन के मुख्य यजमान समाजसेवी सुरेश पंवार एवं श्रीमती ईशा पंवार ने आगंतुक संतगणों, पंडितों और सैकड़ों विदेशी भक्तजनों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर जाडन आश्रम के लक्ष्मणदान, वचनाराम राठौड़, सुरेश गर्ग, झूमर लाल गर्ग, झुंझार सिंह बागावास, रामसिंह रूपावास, भोमाराम सोलंकी, नेमीचंद गहलोत, ओम पाराशर, लक्ष्मण पालरिया सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य उपस्थित रहे।
भक्तों के जयघोष, वैदिक ध्वनियों और धार्मिक उत्साह से पूरा रूपावास गांव भक्ति में डूब गया।
