सोजत | भूतेश्वर बस्ती में भव्य हिन्दू सम्मेलन, होगे दो दिवसीय धार्मिक आयोजन।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत नगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भूतेश्वर बस्ती इकाई द्वारा आयोजित भव्य हिन्दू सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सम्मेलन के अंतर्गत दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी अपेक्षित है।
आयोजन के प्रथम दिवस 31 जनवरी 2026, शनिवार की संध्या को बस्ती में मशाल यात्रा निकाली जाएगी। यह मशाल यात्रा गौरवा बेरा, जैतारणिया गेट के बाहर से प्रारंभ होकर बस्ती के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पावटा चौक स्थित श्री जालंधर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। मशाल यात्रा के पश्चात पावटा चौक पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
वहीं द्वितीय दिवस 1 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 10 बजे एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभायात्रा गौरवा बेरा से प्रारंभ होकर जैतारणीय गेट, पावटी का बास, बिलाड़िया गेट, पावटा चौक, मोचीवाड़ा, आडा बाजार, मुख्य बाजार, मालियों की हवेली, घांचियों की छोटी हताई, नाइयों की मंडी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जालंधर नाथ जी के मंदिर तक पहुंचेगी।
शोभायात्रा के पश्चात पावटा चौक पर खुला मंच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें धार्मिक व सामाजिक विचारों का आदान-प्रदान होगा। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन को लेकर हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति ने समस्त हिन्दू समाज से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं और समाज में एकता, संस्कार व सनातन संस्कृति के संदेश को आगे बढ़ाएं।



