सोजत: महाविद्यालय में शौचालय बदहाल, NSUI कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा-प्राचार्य को सौपा ज्ञापन।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोजत सिटी में छात्रों के लिए बने शौचालयों की हालत बेहद खराब बनी हुई है। इस गंभीर समस्या को लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।

NSUI कार्यकर्ताओं ने बताया कि कॉलेज परिसर में स्थित अधिकांश शौचालयों में लंबे समय से साफ-सफाई नहीं हो रही है। कई शौचालय खराब पड़े हैं, वहीं पानी की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। गंदगी और अव्यवस्था के कारण छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

इसको लेकर NSUI कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को लिखित ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया। ज्ञापन में शौचालयों की शीघ्र मरम्मत कराने, नियमित सफाई व्यवस्था लागू करने तथा स्थायी समाधान की मांग की गई।

NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को उच्च शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों तक उठाएंगे तथा आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।




