सोजत में 11 फरवरी से 8 मार्च तक चलेगा भव्य फाग महोत्सव, 26 दिनों तक मंदिरों में गूंजेंगे फाग-भजन, श्रद्धा और भक्ति का रहेगा माहौल।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। चारभुजा फाग महोत्सव समिति, सोजत की ओर से हर वर्ष कि तरह इस वर्ष भी नगर में परंपरागत चारभुजा फाग महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 11 फरवरी से 8 मार्च तक लगातार 26 दिनों तक सोजत शहर के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाएगा।

फाग महोत्सव के दौरान प्रतिदिन निर्धारित मंदिरों में विशेष शृंगार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के पश्चात भजन मंडलियों द्वारा संगीतमयी व सुमधुर फाग-भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की जाएगी तथा देवी-देवताओं को पुष्पों से होली खिलाई जाएगी, जिससे मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो उठेगा।

फाग महोत्सव का शुभारंभ 11 फरवरी को रिद्धि-सिद्धि के साथ विराजमान श्री गजानंद महाराज मंदिर, नयापुरा से होगा। समिति सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन आयोजन रात्रि 8.30 बजे से 11 बजे तक संपन्न होगा।

आयोजन की सुचारू व्यवस्था के लिए पिछले आठ वर्षों से साउंड सिस्टम की व्यवस्था भामाशाह श्री अशोक जांगिड़ (एजीएस) द्वारा की जा रही है और इस वर्ष भी उन्हीं के सहयोग से साउंड व्यवस्था की जाएगी।

फाग महोत्सव कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा—
11 फरवरी – श्री गजानंद महाराज मंदिर, नयापुरा
12 फरवरी – श्री नागणेची माता मंदिर, बिलाड़िया गेट बाहर
13 फरवरी – श्री भोलेश्वर महादेव मंदिर, आईओसी कॉलोनी
14 फरवरी – श्री रघुनाथ मंदिर, सिंघवियों का बास
15 फरवरी – श्री नीलकंठ महादेव मंदिर, रामप्याऊ
16 फरवरी – श्री मेहन्देश्वर महादेव मंदिर, कृषि मंडी
17 फरवरी – श्री काला-गोरा भेरू मंदिर, जैतारणिया गेट
18 फरवरी – श्री ठाकुरजी मंदिर, घांचियों की बड़ी हथाई
19 फरवरी – श्री गोरधननाथ मंदिर, मुख्य बाजार
20 फरवरी – श्री महालक्ष्मी मंदिर, श्रीमालियों का बास
21 फरवरी – श्री सोनाणा भेरुनाथ मंदिर, पाली रोड
22 फरवरी – श्री ठाकुरजी मंदिर, पावटी का बास
23 फरवरी – श्री जलेश्वर महादेव मंदिर, वाटर वर्क्स
24 फरवरी – श्री ठाकुरजी मंदिर, मालियों का बड़ा बास
25 फरवरी – श्री मुरलीमनोहर मंदिर, घोसीवाड़ा
26 फरवरी – श्री रघुनाथ मंदिर, सुनारों का बास
27 फरवरी – श्री चांवटा भेरू मंदिर, धानमंडी
28 फरवरी – श्री सीताराम मंदिर, मोदी मोहल्ला
1 मार्च – श्री भेरुनाथ मंदिर, आउवों का बास
2 मार्च – श्री राधाकृष्ण मंदिर, नर्सिंगपुरा
3 मार्च – श्री रघुनाथ मंदिर, सेवगो की बगेची मेला चौक
4 मार्च – प्रातः 10 बजे, श्री चारभुजानाथ मंदिर, कोट का मोहल्ला
5 मार्च – श्री नागणेचिया माता मंदिर, मुणोतों का बास
6 मार्च – श्री वीर हनुमान मंदिर, बस स्टैंड
7 मार्च – श्री सेजल माता मंदिर, कुम्हारों का बास
8 मार्च – श्री शीतला माता मंदिर, मेला चौक (समापन)
समिति ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फाग महोत्सव में भाग लेने एवं भक्ति-रस का आनंद लेने की अपील की है।




