सोजत रोड में दर्दनाक हादसा: डीएफसी कॉरिडोर ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत रोड। सोजत रोड रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीएफसी कॉरिडोर ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही सोजत रोड थाना पुलिस और आरपीएफ के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोजत रोड अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नाथों के प्याऊ निवासी मनोहर (48) के रूप में हुई है। थाना अधिकारी कमल लोहार ने बताया कि हादसा सोमवार सुबह करीब 8 बजे डीएफसी कॉरिडोर ट्रैक (मालगाड़ियों के लिए अलग ट्रैक) पर हुआ।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।



