सोजत में ईमानदारी की मिसाल: 9 लाख के आभूषणों और नकदी से भरा पर्स लौटाया।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। शुक्रवार दोपहर नगर के बिलाड़िया गेट के बाहर स्थित खुशी गार्डन में ईमानदारी की सराहनीय मिसाल देखने को मिली। यहां एक महिला का करीब 9 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों व नकदी से भरा पर्स गुम हो गया, जिसे गार्डन संचालक ने सुरक्षित लौटाकर इमानदारी व मानवता का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार, महिला श्रीमती भगवती बेन धर्मपत्नी श्री रमेश चावला निवासी सोजत हाल निवास पालनपुर(गुजरात) खुशी गार्डन में भोजन कर रही थी। इसी दौरान उसका पर्स परिसर में कहीं गिर गया। पर्स में 4 तोले का सोने का मंगलसूत्र, 2 तोले की सोने की चेन और करीब 3 हजार रुपये नकद थे। भोजन के बाद घर पहुंचने पर भगवती बेन को पर्स गायब होने का पता चला तो उसके होश उड़ गए और परिवार में हड़कंप मच गया।

परिजन काफी देर तक घर पर तलाश करते रहे, लेकिन पर्स नहीं मिला। इसके बाद भगवती बेन अपने परिवार के साथ वापस खुशी गार्डन पहुंची और पूछताछ शुरू की। इस दौरान गार्डन संचालक राजेश भाटी (पुत्र बुद्धाराम घांची, उम्र 50 वर्ष) को पहले ही परिसर में पर्स मिल गया था, जिसे उन्होंने अपने कार्यालय में सुरक्षित रख लिया था।

भगवती बेन द्वारा पर्स में रखी वस्तुओं का सही विवरण देने पर राजेश भाटी संतुष्ट हुए और उन्होंने सोने के आभूषणों व नकदी से भरा पर्स भगवती बेन को राजकुमार चौधरी निवासी बिलाड़िया गेट सोजत सिटी कि उपस्थिति मे वापस लौटा दिया। पर्स मिलते ही महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई और उसने राजेश भाटी का आभार जताया।

उल्लेखनीय है कि नगर मे इन दिनो चोरी व लूट कि घटनाएं दिन ब दिन बढती जा रही है वही ऐसे समय मे राजेश भाटी ने लगभग 9 लाख रूपये के सोने के आभूषण और नगदी लौटा कर इमानदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!