सोजत में सामाजिक सरोकार की मिसाल:सर्व हिन्दू समाज ने 17 बेटियों का सामूहिक विवाह सम्पन्न करवाया।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। सामाजिक सेवा की प्रेरक पहल करते हुए सर्व हिन्दू समाज विवाह समिति की ओर से शनिवार को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकजुटता का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह बरातों के आगमन के साथ हुई। इसके बाद नवविवाहित जोड़ों की वरमाला सहित सभी वैवाहिक रस्में विधिवत सम्पन्न करवाई गईं। समिति पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक करवाकर समाज में सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।

सोजत वाटिका में धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। आयोजन संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में हुआ, जिसमें महामंडलेश्वर श्री चेतनगिरी जी महाराज और डा. श्री ओम जी महाराज सहित अन्य संतो एवं साध्वीगण उपस्थित रहे।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण दवे, सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री जुगलकिशोर निकुंम, उपप्रधान श्री कन्हैयालाल ओझा, सोजत सेवा मंडल अध्यक्ष श्री लक्ष्मणराम गेहलोत, सचिव श्री पुष्पतराज मुणोत, श्री जगदीश पाराशर, सरपंच श्री दलपत सिरवी,श्री ताराचंद सैनी,श्री लालचंद मोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों और कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।

विवाह सम्मेलन के भोजन की सम्पूर्ण व्यवस्था सोजत सेवा मंडल द्वारा की गई। वहीं पूर्व काबिना मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण दवे ने सेवा मंडल को एक लाख रुपये की नगद सहायता देने की घोषणा की।

कार्यक्रम की सफलता में समिति संयोजक नारायणलाल,सहसंयोजक पुखराज भायल,अध्यक्ष पन्नालाल प्रजापत, उपाध्यक्ष मेहरसा राणावत, सचिव अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष मालाराम गोयल, किरण पत्रुसा, राजेंद्रसिंह, रवि मेवाड़ा, भंवरलाल सिनला, रतनलाल पन्नू और गिरधारी जयपाल सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम का संचालन गणपतलाल पन्नु ने किया।
समारोह ने समाज में सहयोग, संस्कार और सामूहिकता का मजबूत संदेश दिया।

Leave a Comment

error: Content is protected !!