सोजत की सामाजिक संस्थाओं ने पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, आजाद को ‘राष्ट्र रत्न’ देने की मांग।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। नगर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 27 फरवरी 2026 को महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें “राष्ट्र रत्न” की उपाधि से सम्मानित करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि आजाद की प्रेरणादायी जीवनी को केंद्र तथा सभी राज्यों के पाठ्यक्रम में शामिल किया जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थलों पर “चंद्रशेखर आजाद ब्लड बैंक” स्थापित करने तथा देशभर के नगर निगम, नगर पालिका और ग्राम पंचायत स्तर पर “चंद्रशेखर आजाद जिम एवं व्यायामशाला” शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सोजत की स्थानीय समस्याओं पर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को समय-समय पर अपडेट रखने, सोजत क्लब के जीर्णोद्धार कर खेल प्रेमियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने और नगर की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पतराज सुणोत, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, सोजत सकल जैन संघ अध्यक्ष महेंद्र मेहता, शा. शि. संघ जिला संरक्षक सत्तुसिंह भाटी, सोशल वेलफेयर सोसायटी अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर, कवि साहित्यकार नवनीत राय रुचिर, हितेंद्र व्यास, रमेश व्यास, अशोक सैन, ड़ा रशीद अहमद गौरी, ताराचंद सैनी, लक्ष्मणराम पालड़िया, भीकाराम सीरवी, एडवोकेट गजेंद्र मेहता, उपेंद्र सांखला, अकरम खान, हरिकिशन चौहान, भाजपा नेता ओमप्रकाश गुरु, जवरीलाल बौराणा, इंसाफ खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

उपखंड अधिकारी मासिंगा राम जांगिड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!