तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह के नेतृत्व में सिवायचक भूमि पर चला प्रशासन का बुलडोजर: निर्माणाधीन मकान और दीवार ध्वस्त, 3 बीघा सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त

✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत, 19 मई 2026।
सोजत तहसील प्रशासन ने मंगलवार को सरकारी भूमि पर लगातार हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 3 बीघा सिवायचक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन ने निर्माणाधीन मकान और ईंट-पत्थरों से बनाई गई दीवार को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार सोजत तहसील के देवली हुल्ला पटवार मंडल क्षेत्र में एक अतिकर्मी द्वारा सरकारी सिवायचक भूमि पर कब्जा कर चोरी-छिपे मकान निर्माण और चारदीवारी बनाई जा रही थी। प्रशासन को इसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया।

बताया जा रहा है कि संबंधित अतिकर्मी के खिलाफ पूर्व में भी कई बार कार्रवाई हो चुकी है। तहसीलदार सोजत द्वारा उसे पहले कारावास की सजा भी दी जा चुकी है। इसके बावजूद आरोपी लगातार सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने में लगा हुआ था। राजस्व विभाग और स्थानीय पुलिस द्वारा कई बार पाबंद किए जाने के बाद भी वह रात के समय नया निर्माण कार्य कर लेता था।

मंगलवार को तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने थाना बगड़ी नगर और थाना सोजत रोड पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन से निर्माणाधीन मकान एवं दीवार को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

इस अभियान में भू-अभिलेख निरीक्षक राजू सिंह राठौड़, सम्पतलाल, पटवारी मेजर सिंह, संजय मेवाड़ा, सुनील सिंदल तथा पूनम चौधरी सहित राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। लगातार हो रही कार्रवाइयों से अतिक्रमणकारियों में भय का माहौल बना हुआ है और प्रशासन की सख्ती से उनके हौसले पस्त होते दिखाई दे रहे हैं।

Leave a Comment

error: Content is protected !!