✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत, 15 जून। राज्य सरकार के निर्देशानुसार सोमवार को ग्राम पंचायत बगड़ी नगर में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा। शिविर में सोजत उपखण्ड के समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने कार्यों का निस्तारण करते हुए आमजन को राहत प्रदान की।
शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचे। प्राप्त विभिन्न प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए तथा अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
राजस्व विभाग ने किए अनेक प्रकरणों का निस्तारण
राजस्व विभाग ने शिविर के दौरान 20 नामांतरण, 11 राजस्व रिकॉर्ड शुद्धिकरण तथा 15 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की।
56 पट्टों का वितरण, स्वच्छता पर भी विशेष जोर
पंचायतीराज विभाग द्वारा 56 पट्टों का वितरण किया गया। इसके अलावा आईएचएचएल योजना के तहत 10 स्वीकृतियां जारी की गईं तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने की जांच एवं कैंसर स्क्रीनिंग
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा एनसीडी के तहत 87 व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच, 204 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 105 महिलाओं की ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग तथा 5 बच्चों का टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को नियमित जांच एवं टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया।
720 पशुओं का टीकाकरण, पशुपालकों को मिला लाभ
पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 8 बीमा पॉलिसियों का वितरण किया। इसके अलावा एफएमडी रोग प्रतिरोधक के तहत 50 पशुओं तथा एचएस, बीक्यू एवं पीपीआर रोग प्रतिरोधक के तहत 720 पशुओं का टीकाकरण किया गया। साथ ही कृमिनाशक दवा पिलाने एवं दवा छिड़काव का कार्य भी किया गया।
बिजली संबंधी शिकायतों का मौके पर समाधान
ऊर्जा विभाग ने विद्युत आपूर्ति में व्यवधान से जुड़े 6, मीटर संबंधी 2, ढीले तारों के 2 तथा नए बिजली कनेक्शन के 1 प्रकरण का निस्तारण कर उपभोक्ताओं को राहत दी।
कृषि एवं आयोजना विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी
कृषि विभाग ने किसानों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं आयोजना विभाग द्वारा जनाधार कार्ड में नए सदस्यों को जोड़ने एवं आवश्यक संशोधन का कार्य किया गया।
खाद्य एवं सामाजिक न्याय विभाग ने किए आवश्यक कार्य
खाद्य विभाग द्वारा एनएफएसए में पात्र परिवारों की आधार सीडिंग एवं एलपीजी आईडी मैपिंग का कार्य किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने दो नए पेंशन आवेदन, 8 वार्षिक सत्यापन, पालनहार योजना के 8 सत्यापन तथा 2 नए आवेदन स्वीकार किए।
महिलाओं को योजनाओं की दी जानकारी
महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर में उपस्थित महिलाओं को लाडो प्रोत्साहन योजना, कालीबाई भील मेधावी छात्रा योजना, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केन्द्र, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह एवं अनुदान योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र, वन स्टॉप सेंटर तथा महिला हेल्पलाइन-181 सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
परिवहन विभाग ने जारी किए रोडवेज पास
परिवहन विभाग द्वारा शिविर में पहुंचे 6 पात्र व्यक्तियों को रोडवेज पास जारी किए गए, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने सराहा शिविर का आयोजन
ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की एक साथ उपलब्धता से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। लोगों ने राज्य सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे गांव स्तर पर मिल रहा है तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो रहा है।
