✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत। शहर के जोधपुरिया गेट पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रॉले की चपेट में आने से उसका हाथ पिछले पहिए के नीचे आ गया, जिससे हाथ बुरी तरह कुचल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जोधपुरिया गेट पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। सोजत निवासी ढगलाराम घांची (45) जोधपुरिया गेट पर खड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ट्रॉले की चपेट में आ गए। हादसे में ट्रॉले का पिछला टायर उनके हाथ के ऊपर से गुजर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि ढगलाराम के हाथ की चमड़ी फट गई और हड्डियां बाहर निकल आईं। हादसा देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
घायल को तत्काल पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल सोजत के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोट गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सोजत थाने के सब इंस्पेक्टर घेवरराम ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। पुलिस ने घटना की जानकारी लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ट्रॉले और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
लोगों ने की सावधानी बरतने की अपील
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में अधिक सतर्कता बरतने की अपील की है। शहर के व्यस्त मार्गों पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने से इस तरह की दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। पुलिस ने भी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।