निकाय चुनाव की तैयारियां तेज: उपखण्ड अधिकारी रविप्रकाश ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण, आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश


सोजत न्यूज़
वरिष्ठ पत्रकार: ओमप्रकाश बोराणा


सोजत, 6 अगस्त। आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से उपखण्ड अधिकारी एवं निर्वाचन अधिकारी रविप्रकाश ने बुधवार को विभिन्न मतदान केन्द्रों का भौतिक सत्यापन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी रविप्रकाश ने संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों के संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए कि मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं एवं मतदान कार्मिकों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, रैम्प, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान सामग्री की रवानगी तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के सुरक्षित संग्रहण एवं वितरण के लिए उपयुक्त स्थलों का भी चयन एवं चिन्हीकरण किया गया। अधिकारियों ने इन व्यवस्थाओं की व्यवहारिकता का परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए, जिससे चुनाव संबंधी सभी कार्य समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकें।

उपखण्ड अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर ली जाएं तथा किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल उसका समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान केन्द्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि मतदाता निर्भीक एवं सुविधाजनक वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सोजत कुम्पसिंह, विकास अधिकारी सुरेश कविया, अधिशाषी अधिकारी राघव मीणा, निर्वाचन विभाग के हेमन्त सोलंकी तथा मनोहर पालड़िया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!