वरिष्ठ नागरिक समाज की अनमोल धरोहर, इनके अधिकारों की जानकारी जरूरी

राकेश भटनागर

सोजत सिटी। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा समिति के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति सोजत एवं पेंशनर समाज सोजत के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय पेंशनर समाज भवन में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अनमोल धरोहर हैं। युवा पीढ़ी को वर्षों की तपस्या से अर्जित ज्ञान और अनुभव बुजुर्गों से सहज रूप से प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा बुजुर्गों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है।

पैनल अधिवक्ता अशोक गहलोत ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं उनके जीवन की सुरक्षा समाज का दायित्व है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न कानूनों की सरल भाषा में जानकारी दी। साथ ही विधिक सेवा समिति की ओर से मिलने वाली नि:शुल्क कानूनी सलाह एवं सहायता प्रणाली के बारे में भी बताया।

अधिवक्ता गहलोत ने वरिष्ठ नागरिकों के विशेष कानूनी अधिकारों तथा माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण के अधिकार, ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारित किए जाने वाले भरण-पोषण भत्ते, संपत्ति हस्तांतरण को रद्द करने, परिजनों द्वारा परित्याग किए जाने की स्थिति में कानूनी प्रावधान तथा सरकार द्वारा संचालित वृद्धाश्रमों के संबंध में जानकारी दी।

पेंशनर समाज के रामस्वरूप भटनागर ने वरिष्ठ नागरिकों से अपने कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरदास पुरुषवाणी ने भी वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं हकदारी संबंधी कानूनों की जानकारी दी। पीएलवी सांवलप्रभात व्यास ने नालसा की लीगल एड हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी दी।

आपसी सहमति एवं लोक अदालत से समाधान की जानकारी

शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देने के साथ नि:शुल्क विधिक सहायता प्रणाली से अवगत कराया गया। आपसी सहमति एवं लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित समाधान के उपायों की भी जानकारी दी गई।

ये थे मौजूद

जागरूकता शिविर में रविन्द्र भटनागर, सत्तुसिंह भाटी, अब्दुल समद राही, नवनीत रॉय रूचिर, अशोक सेन, डॉ. रशीद गौरी, शंकरलाल पारीख, चेतन व्यास, जुगलकिशोर दवे, लक्ष्मण पालिडया, शिवलाल जोशी, महेन्द्र माथुर, मो. यासीन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।

संलग्न फोटो 1: सोजत। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में जानकारी देते पैनल अधिवक्ता।

संलग्न फोटो 2: सोजत। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में भाग लेते वरिष्ठ नागरिक।

error: Content is protected !!