दाती महाराज के सानिध्य में आयोजित हुआ सम्मान समारोह एवं दीपावली स्नेह मिलन, समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने और नशामुक्ति का दिया संदेश
राकेश भटनागर
सोजत सिटी। सरगरा समाज एजुकेशन सोसायटी, सोजत पट्टी के तत्वावधान में मंगलवार को सरगरा समाज छात्रावास भवन, सोजत सिटी में राजस्थान नगर निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव 2026 में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान में समारोह एवं दीपावली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम परम पूज्य श्री दाती महाराज जी के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में श्री दाती महाराज जी ने समाजबंधुओं को संबोधित करते हुए समाज में शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा सामाजिक एकता और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विशेष रूप से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब बेटियों को भी शिक्षा के समान अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने समाज को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ाने के लिए सभी से सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर समाज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि दाती महाराज जी द्वारा पूर्व में सरगरा समाज की 105 प्रतिभाओं को सम्मानित कर लगभग 3 लाख 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई थी। इस पहल से समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।
कार्यक्रम में सरगरा समाज एजुकेशन सोसायटी सोजत पट्टी के अध्यक्ष गणपतलाल सांडिया सहित सोसायटी के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही सरगरा समाज विकास समिति सोजत पट्टी के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मारू, सचिव बुद्धाराम जी, सरगरा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल आर्य, नवनिर्वाचित सरपंच मोतीलाल देवड़ा एवं सरोज, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रतिनिधि पोपटलाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजबंधुओं ने भाग लिया।
सोसायटी के सदस्य तेजाराम, नवनीत गेहलोत, सुरेश सुरायथा, सुरेश दोनडी, शिवदयाल चौहान एवं मुकेश देवड़ा नरेंद पंवार सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुनील बगड़ी ने किया। समारोह के अंत में समाज की एकता, शिक्षा के विकास, सामाजिक समरसता एवं नशामुक्त समाज निर्माण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।







