अजमेर जिले के पीसांगन में नकली ऑयल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 68 लीटर नकली कैस्ट्रॉल ऑयल जब्त

ओमप्रकाश बोराना
2 Min Read




अजमेर/पीसांगन,
अजमेर जिले के पीसांगन कस्बे में नकली ऑयल के कारोबार के खिलाफ पुलिस और कंपनी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑटोमोबाइल दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान प्रसिद्ध ब्रांड कैस्ट्रॉल के नाम से बेचा जा रहा करीब 68 लीटर नकली ऑयल जब्त किया गया। इस मामले में कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीसांगन निवासी पवन कुमावत की ऑटोमोबाइल की दुकान पर नकली ब्रांडेड ऑयल बेचे जाने की शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। इसके बाद नेत्रिका कंसल्टिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पदाधिकारियों की टीम ने पीसांगन पुलिस के साथ मिलकर दुकान पर दबिश दी।

दबिश के दौरान दुकान से कैस्ट्रॉल कंपनी का मार्का लगा हुआ 68 लीटर संदिग्ध ऑयल बरामद हुआ। कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा जांच करने पर यह ऑयल नकली पाया गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त ऑयल को जब्त कर लिया।

पीसांगन थानाधिकारी सरोज चौधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद टीम ने नकली ऑयल के नमूने भी एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह ऑयल कैस्ट्रॉल कंपनी के नाम और पैकेजिंग का दुरुपयोग कर बेचा जा रहा था, जिससे उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी होने की आशंका थी।

पुलिस ने पवन कुमावत के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट समेत अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थानाधिकारी सरोज चौधरी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि नकली ऑयल की सप्लाई कहां से हो रही थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि उपभोक्ताओं को नकली उत्पादों से बचाने और ब्रांड के दुरुपयोग को रोकने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं इस कार्रवाई के बाद कस्बे के ऑटोमोबाइल कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!