वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) सोजत उपखंड पत्रकार संघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को स्थानीय मोदियों के बास स्थित रुचिर विद्या सदन में आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने, पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने, प्रशिक्षण कार्यशालाओं के आयोजन तथा निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता जैसे कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि एवं आईएफडब्ल्यूजे पाली जिला अध्यक्ष अरुण जोशी ने कहा कि इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स दुनिया का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है, जिसकी स्थापना 28 अक्टूबर 1950 को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई थी। उन्होंने बताया कि आजादी के बाद श्रमजीवी पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए कार्य करने वाला यह देश का सबसे बड़ा पंजीकृत ट्रेड यूनियन संगठन है। उन्होंने कहा कि आईएफडब्ल्यूजे वर्षों से पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों की रक्षा तथा पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्षरत है।
जोशी ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में संगठित रहकर पत्रकारों के हितों की रक्षा करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने सभी पत्रकारों से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा नए साथियों को जोड़ने का आह्वान किया।
आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने कहा कि संगठन की स्थापना से ही राजस्थान इकाई पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सोजत उपखंड पत्रकार संघ भी प्रत्येक पत्रकार के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाया जाएगा।
पत्रकार नवनीत राय रुचिर ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ है। संगठन समय-समय पर संवाद की श्रृंखला जारी रखते हुए पत्रकारों के बीच समन्वय और सहयोग की भावना को और सुदृढ़ करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े भुवनेश टांक ने सुझाव दिया कि बदलते मीडिया परिवेश को देखते हुए अनुभवी पत्रकारों के मार्गदर्शन में नियमित पत्रकारिता कार्यशालाएं आयोजित की जाएं, ताकि युवा पत्रकारों को नई तकनीक, मीडिया नैतिकता और पत्रकारिता के मानकों की जानकारी मिल सके।
डॉ. रामस्वरूप भटनागर ने कहा कि पत्रकारिता सदैव सत्य, निष्पक्षता और जनहित के मूल सिद्धांतों पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को जर्नलिज्म के मूल उद्देश्यों को केंद्र में रखकर कार्य करना चाहिए।
आईएफडब्ल्यूजे के जिला सचिव अब्दुल समद राही ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होता है। पत्रकार अपनी निष्पक्ष लेखनी के माध्यम से समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य करता है और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
जिला कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश चौहान ने कहा कि जनता की आवाज को निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदारी के साथ उठाना ही पत्रकार संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देना नहीं बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना भी है।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, आगामी बैठकों की रूपरेखा, पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने तथा उपखंड क्षेत्र के सभी पत्रकारों तक आईएफडब्ल्यूजे के उद्देश्यों और संगठन की कार्यप्रणाली को पहुंचाने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित पत्रकारों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के लिए विभिन्न सुझाव भी दिए।
बैठक के दौरान आईएफडब्ल्यूजे के नवनियुक्त पाली जिला अध्यक्ष अरुण जोशी, सोजत उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत, जिला सचिव अब्दुल समद राही तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य ओम प्रकाश चौहान का साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
बैठक का संचालन चेतन व्यास ने किया, जबकि अंत में अशोक गहलोत ने सभी अतिथियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश राठौड़, गोविंद गर्ग, डॉ. रशीद गौरी, ओमप्रकाश बौराणा, राकेश भटनागर, दिव्येश जोशी, अभिषेक भटनागर, भवानीसिंह बागावास, महावीर गहलोत, अर्जुनलाल चौहान, हरीश गहलोत, गजेन्द्र गहलोत, इस्माइल खान सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, पत्रकारों की एकजुटता तथा निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि आईएफडब्ल्यूजे सोजत उपखंड पत्रकार संघ आने वाले समय में पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनके हितों के संरक्षण तथा समाज के प्रति जिम्मेदार पत्रकारिता को नई दिशा देने का कार्य करेगा।









