
सोजत।
नगर के नागणेच्य माता जी मंदिर परिसर, बिलाडिया गेट के बाहर शुक्रवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संत समाज, गोभक्तों एवं गोसेवकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यह अभियान किसी भी संस्था, संगठन या राजनीतिक दल के बैनर तले नहीं, बल्कि गोमाता के प्रधान संरक्षण एवं नंदी बाबा की अध्यक्षता में संचालित किया जाएगा।
बैठक में सर्व समिति से पदम चन्द हिन्दू को गौ सम्मान आह्वान अभियान का सोजत तहसील प्रभारी नियुक्त किया गया। उपस्थित संतों एवं गोप्रेमियों ने तालियों के साथ इस नियुक्ति का स्वागत किया और अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने का संकल्प
बैठक में पारित संकल्प के अनुसार अभियान का प्रमुख उद्देश्य गोमाता को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा दिलाना, देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करवाना तथा गोसंवर्धन और संरक्षण के लिए ठोस व प्रभावी नीतियों का निर्माण सुनिश्चित करना है।
सरकार से प्रमुख मांगें
बैठक में सरकार के समक्ष रखी जाने वाली प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिनमें शामिल हैं—
गो रक्षा के लिए केंद्रीय स्तर पर सख्त कानून बनाया जाए।
गोहत्या एवं गोतस्करी में लिप्त अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दी जाए।
गोतस्करी में प्रयुक्त जब्त वाहनों को गोशालाओं के उपयोग में लाया जाए।
गोबर–गोमूत्र आधारित अनुसंधान विश्वविद्यालय स्थापित किए जाएं।
पंचगव्य आधारित औषधियों का आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में निःशुल्क वितरण हो।
सरकारी भवनों में गोबर पेंट व गौनाइल का उपयोग अनिवार्य किया जाए।
गोशालाओं को मनरेगा से जोड़ा जाए तथा बिजली बिल में विशेष छूट प्रदान की जाए।
राष्ट्रव्यापी अभियान की विस्तृत कार्ययोजना
अभियान की कार्ययोजना के अनुसार—
जनवरी से मार्च 2026 तक देशभर में गो सम्मान प्रचार अभियान चलाया जाएगा।
27 अप्रैल 2026 को तहसील एवं जिला मुख्यालयों पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर यह प्रक्रिया जुलाई एवं अक्टूबर 2026 में पुनः दोहराई जाएगी।
अंततः फरवरी 2027 में देश की लगभग 5000 तहसीलों से संत, गोभक्त एवं गोप्रेमी 800 जिलों से होते हुए दिल्ली पहुंचकर गौ संकीर्तन करेंगे।
यह शांतिपूर्ण गौ संकीर्तन 15 अगस्त 2027 तक निरंतर जारी रहेगा।
सनातन समाज से सहभागिता की अपील
बैठक के अंत में संत समाज एवं गोप्रेमियों ने समस्त सनातन समाज से इस पवित्र अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि सेवा, सुरक्षा और सम्मान के इस महाअभियान को जन आंदोलन बनाकर ही गौ राष्ट्रीय संकल्प को साकार किया जा सकता है। सभी ने गोमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



