प्रदेश की सबसे बड़ी खबर : पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी गिरफ्तार, जल जीवन मिशन घोटाले में ACB की बड़ी कार्रवाई



जयपुर। राजस्थान की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जल जीवन मिशन घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व जलदाय मंत्री Mahesh Joshi को गिरफ्तार कर लिया है। ACB की विशेष जांच टीम (SIT) ने जयपुर स्थित सैन कॉलोनी में उनके आवास पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि जल जीवन मिशन में करोड़ों रुपए के कथित घोटाले और अनियमितताओं की जांच लंबे समय से चल रही थी। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लेन-देन और अधिकारियों से पूछताछ के बाद ACB ने पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी को अंजाम दिया। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है।

DIG डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में हुई कार्रवाई

ACB सूत्रों के अनुसार यह पूरी कार्रवाई DIG Dr. Rameshwar Singh के सुपरविजन में की गई। SIT टीम ने योजनाबद्ध तरीके से पूर्व मंत्री के निवास पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया और बाद में औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की।

इस कार्रवाई को अंजाम देने में ASP Himanshu Kuldeep, ASP Bhupendra Singh और ASP Mahavir Prasad की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं यह संपूर्ण कार्रवाई ACB के DG Govind Gupta तथा ADG Smita Srivastava के निर्देशन में की गई।

    क्या है जल जीवन मिशन मामला?

जल जीवन मिशन केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। लेकिन पिछले कुछ समय से इस योजना में टेंडर प्रक्रिया, पाइपलाइन कार्य, सामग्री खरीद और भुगतान में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक जांच एजेंसियों को कई ऐसे साक्ष्य मिले हैं जिनसे करोड़ों रुपए के घोटाले की आशंका जताई जा रही है। इसी मामले में पूर्व मंत्री सहित कई अधिकारियों और ठेकेदारों की भूमिका जांच के दायरे में आई थी।

   राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप

पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। विपक्ष ने इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई बताते हुए सरकार पर पहले से ही सवाल उठाए थे, जबकि कांग्रेस खेमे में इस कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जल जीवन मिशन घोटाले में यह गिरफ्तारी आने वाले दिनों में और बड़े खुलासों का कारण बन सकती है। संभावना जताई जा रही है कि जांच एजेंसियां अब अन्य अधिकारियों, ठेकेदारों और जुड़े लोगों से भी पूछताछ तेज कर सकती हैं।

        ACB की आगे की तैयारी

सूत्रों के अनुसार ACB अब महेश जोशी से विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी वित्तीय लेन-देन, टेंडर आवंटन और विभागीय निर्णयों से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। संभावना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।

प्रदेशभर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोगों की नजर अब ACB की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!