महान क्रांतिकारी अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद को नमन: सोजत में उनकी पुण्यतिथि 27 फरवरी को होगा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। स्थानीय श्री विजय आदर्श माध्यमिक विद्यालय में महान क्रांतिकारी अमर शहीद श्री चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को सुबह 11 बजे “अनमोल चंद्रशेखर आजाद” शीर्षक से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

कार्यक्रम संयोजक एवं शारीरिक शिक्षक संघ जिला संरक्षक सत्तुसिंह भाटी ने बताया कि आयोजन के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण दवे होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पेंशनर समाज के अध्यक्ष लालचंद मोयल तथा सोजत सेवा मंडल के मंत्री पुष्पत राज मुणोत उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम के सह संयोजक एवं विद्यालय प्रधानाचार्य दिनेश सोलंकी ने जानकारी दी कि आयोजन में आजाद के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रेरक प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, ओजस्वी कविताएं और शहीदों की जीवंत झांकियां प्रस्तुत कर देशभक्ति का संदेश दिया जाएगा।
विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरित करना है।




