बाली/सेवाड़ी (पाली):
बाली उपखंड क्षेत्र के पीपला गांव के पास स्थित मीठड़ी नदी में एक युवक का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर जांच प्रक्रिया शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीपला गांव के राजकीय विद्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर मीठड़ी नदी के किनारे ग्रामीण सुबह शौच के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी में पड़े एक शव पर पड़ी। शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बाली थाने से एएसआई महेंद्र सिंह व सेवाड़ी चौकी से पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शव की पहचान पीपला निवासी रिजमाराम पुत्र रामाराम गरासिया (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और कमटे का काम करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां और दो पुत्र छोड़ गया है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस के अनुसार, शव पूरी तरह सड़-गल चुका था और उस पर कीड़े पड़ चुके थे। हालत को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि शव करीब 5 से 7 दिन पुराना हो सकता है।
शव की गंभीर स्थिति को देखते हुए सेवाड़ी सामुदायिक अस्पताल से डॉक्टर कमल शर्मा को मौके पर बुलाया गया। डॉक्टर की निगरानी में मौके पर ही पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
इस संबंध में रामाराम पुत्र धनाराम द्वारा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल सवाल बरकरार:
युवक नदी तक कैसे पहुंचा?
यह हादसा है या किसी साजिश का परिणाम?
मौत के पीछे क्या कारण रहे?
इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर हैं।