जयपुर/पाली। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 30 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग सबसे अधिक प्रभावित रहेंगे, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में भी अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा, जिससे राजस्थान में नमी की मात्रा बढ़ेगी और मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी। इसके चलते प्रदेश के अनेक जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन संभागों में रहेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान कोटा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में पानी की आवक और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। प्रशासन को सतर्क रहने तथा लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
पाली जिले में कब होगी बारिश?
पाली जिले में 30 जुलाई से मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। 30 और 31 जुलाई को जिले के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। 1 और 2 अगस्त को कहीं-कहीं भारी बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं, जबकि 3 अगस्त तक रुक-रुक कर बारिश जारी रहने के आसार हैं। इस दौरान बादल छाए रहेंगे, तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलेगी।
किसानों के लिए राहत
लगातार बारिश की संभावना से पाली सहित मारवाड़ क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मेहंदी, बाजरा, मूंग, ग्वार, मक्का और अन्य खरीफ फसलों को नमी मिलेगी तथा जलाशयों और बांधों में पानी की आवक बढ़ने की संभावना है। हालांकि खेतों में जलभराव की स्थिति बनने पर किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
लोगों के लिए सलाह
– तेज बारिश के दौरान नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
– आकाशीय बिजली चमकने पर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों।
– मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।
– आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।
मौसम विभाग का अनुमान है कि यह बारिश का दौर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून को मजबूती देगा और कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की जा सकती है।
राजस्थान में कल से पांच दिन भारी बारिश का अलर्ट: डीप डिप्रेशन का दिखेगा असर, पाली समेत कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना
- संबंधित खबरें -



