सोजत न्यूज़ | ✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत, 18 मई।
राजस्थान सरकार ने प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी सौगात देते हुए राजस्थान वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत इस वर्ष 56 हजार वरिष्ठजनों को निशुल्क तीर्थ यात्रा कराने की घोषणा की है। इस योजना के अंतर्गत 50 हजार बुजुर्गों को रेल मार्ग तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से देश-विदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
देवस्थान विभाग द्वारा संचालित यह योजना वर्षों से बुजुर्गों के लिए आस्था और सम्मान का प्रतीक बनी हुई है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठजन भी जीवन में कम से कम एक बार प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकें।
जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
देवस्थान विभाग के आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने सोमवार को जारी बयान में बताया कि तीर्थ यात्रा योजना के लिए शीघ्र ही नए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुसार 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को देश के 15 प्रसिद्ध आस्था स्थलों की निशुल्क यात्रा कराई जाएगी। यह यात्रा पूरी तरह सरकार के खर्च पर आयोजित होगी।
नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की भी मुफ्त हवाई यात्रा
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि चयनित वरिष्ठ नागरिकों को नेपाल स्थित प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा भी हवाई मार्ग से निशुल्क करवाई जाएगी। इससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
धार्मिक स्थलों में देश के प्रमुख मंदिरों, तीर्थधामों और आध्यात्मिक केंद्रों को शामिल किया गया है, जहां वरिष्ठजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकेंगे।
कौन कर सकेगा आवेदन?
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त गितेश मालवीया ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से स्वयं या ई-मित्र केंद्र के जरिए किया जा सकेगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
योजना में आवेदन करने के लिए निम्न दस्तावेज आवश्यक होंगे—
जनाधार कार्ड
मतदाता पहचान पत्र
स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
आयकरदाता नहीं होने का स्व-घोषणा पत्र
पूर्व में योजना का लाभ नहीं लेने का प्रमाण पत्र
उन्होंने बताया कि आवेदन जमा करने के बाद उसकी पावती सुरक्षित रखना जरूरी होगा, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
लॉटरी सिस्टम से होगा चयन
यदि आवेदन संख्या निर्धारित सीटों से अधिक होती है तो यात्रियों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। इससे चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहेगी।
वरिष्ठजनों में खुशी की लहर
सरकार की इस घोषणा से प्रदेशभर के बुजुर्गों में खुशी की लहर है। कई ऐसे वरिष्ठजन, जो आर्थिक कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते, उन्हें अब सरकार की मदद से धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी इस योजना की सराहना करते हुए इसे बुजुर्गों के सम्मान और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया है।