शिक्षा का मंदिर शर्मसार: स्कूल में शिक्षक-शिक्षिका की आपत्तिजनक हरकत का वीडियो वायरल, जांच के आदेश



कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के सौरिख क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय बझेड़ी से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक कथित वीडियो में विद्यालय के एक शिक्षक और शिक्षिका स्कूल परिसर के भीतर आपत्तिजनक हरकत करते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो में शिक्षक अवधेश कुमार और शिक्षिका पूजा रानी  एक-दूसरे को किस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो कथित रूप से स्कूल परिसर के अंदर का बताया जा रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है और इस तरह की घटनाएं शिक्षा व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़े करती हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो शिक्षक की पत्नी की ओर से लगाए गए एक कथित हिडन कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। जानकारी के अनुसार शिक्षक की पत्नी औरैया जिले में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।

मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने संबंधित शिक्षक एवं शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि वीडियो की सत्यता जांच में सही पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों तथा संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। वीडियो की प्रामाणिकता तथा सभी आरोपों की पुष्टि संबंधित विभागीय जांच के बाद ही होगी।

error: Content is protected !!