✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत। सोजत क्षेत्र के सांडिया गांव के निकट एक युवक का शव पेड़ पर लटका मिलने से सोमवार को इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। युवक की पहचान रमेश पुत्र कालूराम सुथार (35 वर्ष) निवासी बोयल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांडिया के पास एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चंडावल थाना पुलिस मय जाब्ता मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सामने आ रहा है। हालांकि आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। जांच पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
ग्रामीणों में चर्चा का विषय बनी घटना
दिनदहाड़े इस तरह युवक का शव मिलने की घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल चंडावल थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है तथा युवक की मौत से जुड़े हर पहलू को खंगाला जा रहा है।