सोजत। रा.उ.मा.वि. नं.1 का वार्षिक उत्सव धूमधाम से सम्पन्न, छात्र-छात्राओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संख्या-1 का वार्षिक उत्सव सीरवी किसान छात्रावास में बड़े हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्या वीणा यादव ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कुसुम लोदा एवं विशिष्ट अतिथि यूसीईओ प्रथम स्वरूप सिंह उदावत उपस्थित रहे।

विशिष्ट अतिथि स्वरूप सिंह उदावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। विद्यार्थियों को पढ़ाई में निरंतर प्रयास करते हुए विद्यालय और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन से कठिन परीक्षा भी परिश्रम से सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की जा सकती है।

मुख्य अतिथि का स्वागत प्रधानाचार्या वीणा यादव ने साल व माला पहनाकर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई। बालिका विद्यालय की उपप्रधानाचार्या कुसुम लोढा़ ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य, गीत व अन्य रंगारंग प्रस्तुतियों से समां बांध दिया और उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। समारोह में SDMC अध्यक्ष सत्तुसिंह भाटी एवं वरिष्ठ कवि एवं पत्रकार अब्दुल समद राही ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर उन्हें विदाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या वीणा यादव ने विद्यालय की वार्षिक समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में सीरवी किसान छात्रावास के संचालक छेलाराम सीखी, प्रधानाचार्य श्यामलाल टांक, व्याख्याता गणपतलाल शर्मा, रामकिशोर राठौड़, गोविंदराम, वीरेंद्र सिंह, दुर्गाराम, रजनीश ओझा, राजीव, पुष्पा मेवाड़ा, मधुबाला, मधु भारती, भारती, ओमप्रकाश सहित अनेक शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल व सरस संचालन गोविंदराम एवं हनुवंत सिंह ने किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रेरणा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ सम्पन्न हुआ।



