बड़ी खबर | सोजत क्षेत्र में श्रद्धांजलि मार्ग बना मुसीबत, सुकड़ी नदी की रपट क्षतिग्रस्त, वैकल्पिक रास्ता नहीं



सोजत (पाली)।
गागुडा से झुपेलाव (सोजत) एवं शिवपुरा से झुपेलाव (सोजत) को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित सुकड़ी नदी की रपट बरसात के दौरान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। वर्तमान में रपट का मरम्मत कार्य तो चल रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा वाहनों के आवागमन के लिए कोई वैकल्पिक रास्ता तैयार नहीं किया गया है। इसके चलते इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन नदी में फंस रहे हैं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उल्लेखनीय है कि झुपेलाव गांव के पूर्व सरपंच, पूर्व भाजपा सोजत ग्रामीण मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्व. श्री जालम सिंह  का दिनांक 01 फरवरी को देहावसान हो गया था। उनके निधन के बाद प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में लोग श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए इन्हीं दोनों मुख्य रास्तों से झुपेलाव आ-जा रहे हैं। ऐसे संवेदनशील समय में मार्ग अवरुद्ध होने से शोक संतप्त परिवार के साथ-साथ ग्रामीणों एवं आगंतुकों को भी गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रपट मरम्मत कार्य कर रहे ठेकेदार ने सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक नियमों को नजरअंदाज करते हुए बिना वैकल्पिक मार्ग बनाए ही काम शुरू कर दिया। परिणामस्वरूप दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन नदी में फंस रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्व केबिनेट मंत्री श्री लक्ष्मीनारायण दवे एवं विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। बावजूद इसके, स्थानीय स्तर पर अधिकारियों द्वारा इन निर्देशों की अनदेखी किए जाने के आरोप लग रहे हैं।

ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि राजस्थान की भजनलाल सरकार में कुछ भ्रष्ट अधिकारी केवल ठेकेदारों से मिलने वाले कथित कमीशन पर ध्यान दे रहे हैं और आम जनता की सुरक्षा व सुविधा से उन्हें कोई सरोकार नहीं है। लोगों ने मांग की है कि अविलंब वैकल्पिक रास्ता तैयार किया जाए, दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई हो तथा श्रद्धांजलि देने आने वाले लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

#DiyaKumari
#madanrathore
#BhajanlalSharma

Leave a Comment

error: Content is protected !!