सोजत: चारो मौहल्लो के माली समाज के चौधरियों का किया बहुमान, सामाजिक जिम्मेदारियों एंव विकास पर दिया जोर।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। स्थानीय पेंशनर समाज भवन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में चार मौहल्ला माली समाज के चौधरियों का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि सोजत की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयोजक अनोपसिंह लखावत ने कहा कि समाज में किसी पद की जिम्मेदारी संभालना बेहद महत्वपूर्ण कार्य होता है। समाज आपकी योग्यता और विश्वास के आधार पर आपको चुनता है और उसके चहुंमुखी विकास का दायित्व सौंपता है। उन्होंने कहा कि पद पर रहते हुए नवाचार के माध्यम से समाज के विकास में नए आयाम जोड़ने चाहिए। साथ ही उन्होंने बालिका शिक्षा और संस्कारों पर विशेष बल दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल ने कहा कि समाज में दायित्व लेकर उस पर खरा उतरना एक बड़ी चुनौती होती है, जिसे ईमानदारी और समर्पण से निभाना चाहिए।

इस अवसर पर नयापुरा चौधरी देवीलाल सांखला ने कहा कि समाज और सोजत की सामाजिक संस्थाओं ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। वहीं पावटी बास चौधरी ताराचंद सैनी ने बताया कि उन्हें लगातार 13वीं बार चौधरी के रूप में सेवा करने का अवसर समाज के प्रेम और विश्वास से मिला है।

कार्यक्रम में सामाजिक संस्थाओं की ओर से चेतन व्यास ने कहा कि माली समाज सोजत की प्रमुख कौम है, इसलिए समाज से लोगों की अपेक्षाएं भी अधिक रहती हैं। उन्होंने सभी चौधरी पंचों व सामाजिक संस्थाओं से प्रचंड गर्मी के मौसम में मूक पशु-पक्षियों के लिए चारा-पानी, परिंडा, चुग्गा पात्र तथा चींटियों के लिए नारियल-चूरमा डालने के अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया।

धोलीवाड़ी चौधरी गणपत सिंह टांक ने भी समाज व शहरहित के कार्यों में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम का प्रभावी व सरस संचालन सोशल वेलफेयर फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर ने किया।

इस अवसर पर पेंशनर समाज से जिला शारीरिक शिक्षक संघ के संरक्षक सत्तुसिंह भाटी, भूतपूर्व सैनिक संगठन के सचिव अशोक सैन, शायर-कवि-लेखक अब्दुल समद राही, वरिष्ठ नागरिक समिति के शंकरलाल पारीक, महेंद्र माथुर, लुंबाराम, भैराराम, गणपत गहलोत, जगदीश पाराशर सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में चार मौहल्ला माली समाज के चौधरियों का साफा व माला पहनाकर बहुमान किया शुभकामनाएं दी गयी।



