सोजत: महिला दिवस पर सोजत में नारी शक्ति का उत्सव, महिलाओं ने साझा किए प्रेरक विचार।

अकरम ख़ान
2 Min Read

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोजत क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने अपने कौशल और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रमों में वक्ताओं ने महिलाओं की उपलब्धियों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।

राकी का जाव में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विदुषी श्रीमती प्रमिला श्रीमाली ने कहा कि आज महिलाएं जल, थल और नभ हर क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। विश्व की आधी आबादी प्रगति के पथ पर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरेशी और व्योमिका सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर में साहस का परिचय दिया, वहीं विश्व कप में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया। अंतरिक्ष में कल्पना चावला ने भी भारत का झंडा बुलंद किया।

इस अवसर पर श्रीमती लता सोनी ने कहा कि महिलाओं को कमतर आंकना भ्रम की दुनिया में जीने जैसा है। महिलाएं घर की चारदीवारी से लेकर दुनिया के किसी भी मंच पर मजबूती के साथ खड़ी हैं।

श्रीमती मंजू गहलोत ने कहा कि इतिहास गवाह है कि हर सफल पुरुष के पीछे एक महिला का योगदान होता है। वहीं निर्मला पालीवाल ने कहा कि एक महिला तीन पीढ़ियों की तारणहार होती है।

कार्यक्रम में विमला देवी, बेबी जांगिड़, संतोष सोनी, चंद्रा देवी, मिश्री देवी, लीला, ममता, पिंटू, किरण सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

इसी प्रकार कोट का मोहल्ला चौधरियों के बास में भी महिला दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा नेत्री गुणवंती मेहता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के योगदान को जीवंत रूप से स्मरण कराने का दिन है। महिलाएं अपनी विवेकशीलता, बुद्धिमत्ता और चातुर्य के बल पर आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।

वहीं आर्य समाज की महिला नेत्री श्रीमती लीलावती आर्य ने महिलाओं से प्रगतिशील सोच अपनाते हुए राष्ट्र निर्माण में शत-प्रतिशत योगदान देने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!