सोजत, बड़ी कार्रवाई: अंतरराष्ट्रीय स्तर का तस्कर 25 हजार का इनामी आरोपी शिवपुरा पुलिस के हत्थे चढ़ा

चाड़वास गांव से आरोपी अभयसिंह उर्फ अभिनव डिटेन, 70 करोड़ की हेरोइन तस्करी मामले में लंबे समय से था फरार



सोजत न्यूज़
✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शिवपुरा थाना पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय एक बड़े तस्कर एवं 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने सोजत के चाड़वास गांव में दबिश देकर आरोपी अभयसिंह उर्फ अभिनव को डिटेन किया, जो लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

जानकारी के अनुसार आरोपी बीकानेर जिले में दर्ज एक बड़े एनडीपीएस एक्ट मामले में वांछित था। इस मामले में करीब 70 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामदगी से जुड़े तार सामने आए थे। आरोपी लंबे समय से फरारी काट रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

सीओ रतनाराम देवासी के सुपरविजन में हुई कार्रवाई

पूरी कार्रवाई सीओ सोजत रतनाराम देवासी के सुपरविजन में की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और लगातार निगरानी के बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद चाड़वास गांव में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी का नेटवर्क अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हुआ बताया जा रहा है। उससे पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब आरोपी के संपर्कों, तस्करी नेटवर्क और आर्थिक लेन-देन की भी जांच कर रही है।

कांस्टेबल अजय विश्नोई की भूमिका रही अहम

शिवपुरा थाना पुलिस की इस सफलता में कांस्टेबल अजय विश्नोई की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। बताया जा रहा है कि पिछले एक माह में क्षेत्र में हुई 2 हत्या की वारदातों के खुलासे में भी अजय विश्नोई ने अहम योगदान दिया था। लगातार सक्रियता और खुफिया सूचना जुटाने में उनकी मेहनत रंग लाई और आखिरकार पुलिस ने बड़े तस्कर तक पहुंच बना ली।

क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई

इतने बड़े इनामी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे सोजत क्षेत्र में यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इससे अपराधियों में भय का माहौल बनेगा।

पुलिस अब आरोपी को संबंधित एजेंसियों और बीकानेर पुलिस के सुपुर्द करने की तैयारी कर रही है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!