सोजत: महालक्ष्मी मंदिर में श्रीमाली महिला मंडल का रंगारंग फागोत्सव, भक्ति और उमंग से सराबोर हुआ माहौल।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। नवचौकिया स्थित महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण में श्रीमाली महिला मंडल के तत्वावधान में उल्लास, श्रद्धा और पारंपरिक उमंग के साथ भव्य फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने फूलों के संग होली खेलते हुए मधुर भजनों की स्वर लहरियों के बीच फाल्गुनी उत्सव को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माताजी को फागुनिया ओढ़ाकर, पुष्पमालाएं अर्पित कर तथा प्रसाद चढ़ाकर किया गया। इसके बाद चंग की थाप पर राधा-कृष्ण के भजनों ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य और सामूहिक गायन प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

फूलों की वर्षा और भक्ति संगीत के बीच ऐसा मनोहारी वातावरण बना कि उपस्थित महिलाएं झूम उठीं। आयोजन ने न केवल होली की पारंपरिक संस्कृति को जीवंत किया, बल्कि सामाजिक एकता और महिला शक्ति का सशक्त संदेश भी दिया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्रीमती सुनीता व्यास सहित सीमा दवे, सीमा व्यास, हेमलता श्रीमाली, गिरजा देवी, मैना, भावना, सविता शर्मा, पूजा दवे, नीलम व्यास, अनुसूर्या, प्रमिला व्यास, सरोज जी, अंजना दवे, वंदना व्यास, विनिता व्यास, स्वाति जी, लता जी, मंजू जी, विजयलक्ष्मी, सावित्री व्यास, कुसुम, संध्या, राजेश जोशी, कोमल, चन्द्रकला, दीया, नीना, हेमा, राजू जी और रजनी जी सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित महिलाओं ने इसे सांस्कृतिक परंपराओं को संजोने और आपसी प्रेम-सौहार्द को बढ़ावा देने वाला सराहनीय आयोजन बताया।



