सोजत: माली समाज का नवम सामूहिक विवाह 30 अप्रैल 2026 को, कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव हुए पारित।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। समस्त माली समाज आम न्यात एवं माली समाज विकास समिति, सोजत की एक महत्वपूर्ण बैठक संस्था के अध्यक्ष श्री चम्पालाल सांखला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि माली समाज का नवम सामूहिक विवाह सम्मेलन आगामी 30 अप्रैल 2026 को पोकर फार्म हाउस-सोजत में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

सामूहिक विवाह में भाग लेने वाले वर-वधू के लिए आवेदन फॉर्म वितरण शुरू कर दिए गए हैं, जिसकी व्यवस्था माली समाज भवन में की गई है। समिति द्वारा बताया गया कि वर्तमान समय में विवाह समारोहों में बढ़ते फिजूलखर्ची के चलन को देखते हुए समाज ने मितव्ययता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रेरणादायी प्रस्ताव पारित किए हैं।
मितव्ययता को लेकर लिए गए अहम निर्णय…
मिटींग में तय किया गया कि सामूहिक विवाह के बाद किसी भी प्रकार के अलग आयोजन नहीं होंगे। समाज द्वारा सभी जोड़ों के लिए सावा लिखवाने की जिम्मेदारी स्वयं ली। इसके साथ ही:
मायरा कार्यक्रम सामूहिक विवाह स्थल पर एक साथ होगा।
मेहंदी, हल्दी जैसे नए खर्चीले आयोजनों पर रोक रहेगी।
महिला संगीत में डी.जे. साउंड नहीं बजेगा।
दूल्हे की साफ-सुथरी (क्लीन शेव) उपस्थिति अनिवार्य होगी।
अलग से आशीर्वाद समारोह एवं प्रीति भोज का आयोजन नहीं होगा।
इन प्रस्तावों का उपस्थित समाजबंधुओं ने सर्वसम्मति से स्वागत किया। समिति का मानना है कि इन निर्णयों से मध्यम वर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और समाज में सादगीपूर्ण विवाह की सकारात्मक परंपरा को बढ़ावा मिलेगा।
आयु सीमा अनिवार्य…
सामूहिक विवाह में आवेदन करने के लिए यह अनिवार्य होगा कि वधू की आयु कम से कम 18 वर्ष और वर की आयु 21 वर्ष हो। इसके लिए विधिसम्मत आयु प्रमाण पत्र आवेदन के साथ संलग्न करना होगा।
मिटींग में रहे प्रमुख समाजबंधु उपस्थित…
मिटींग में लक्ष्मणराम गहलोत, ताराचंद टाक (एडवोकेट), आनंद भाटी, राजेन्द्र चौहान, भेराराम, गणपत चौधरी, लुंबाराम चौधरी,चौधरी ताराचंद सैनी, आत्माराम, गोरधन चौधरी, कानाराम परिहार, किशनलाल कच्छवाहा, सोहनलाल सोराल, राकेश देवड़ा, मांगीलाल पालरिया, मांगीलाल चौहान, गौतम तंवर, हेमाराम भाटी, रामचंद्र खेजड़ा, बालमुकंद पार्षद, हरिकिशन टाक, मानवेन्द्र भाटी, बाबूलाल गहलोत, कालूराम देवड़ा, प्रकाश तंवर, हरिकिशन चौहान, सुजाराम परिहार, रमेश सांखला सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
समिति ने समाज के सभी पात्र युवक-युवतियों से सामूहिक विवाह योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।



