सोजत में आयुष चिकित्सालय की मांग तेज, जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। उपखंड स्तर पर ब्लॉक आयुष चिकित्सालय की स्थापना की मांग को लेकर सोजत नगर में जल्द ही जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वर्तमान में शहर में आयुर्वेद चिकित्सक नहीं होने से आम नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार सोजत का आयुर्वेद चिकित्सालय पिछले करीब 9 माह से केवल एक महिला कंपाउंडर के भरोसे संचालित हो रहा है। अस्पताल में न तो आयुर्वेद चिकित्सक उपलब्ध है और न ही चिकित्सालय का स्वयं का भवन है। फिलहाल यह आयुर्वेद चिकित्सालय एक स्कूल के तीन कमरों में संचालित किया जा रहा है।
गौरतलब है कि लंबे समय से शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं और संगठन सोजत के आयुर्वेद चिकित्सालय को ब्लॉक आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने की मांग करते आ रहे हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को एक ही छत के नीचे आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

इस संबंध में वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन सोशियो अध्यक्ष अनोपसिंह लखावत, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पत राज मुणोत, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधनलाल गहलोत, सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ऑफ इंडिया अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर, वरिष्ठ नागरिक हितेंद्र व्यास, शारीरिक संघ जिला अध्यक्ष सत्तुसिंह भाटी, भूतपूर्व सैनिक संगठन सचिव अशोक सैन, माली समाज जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, जवरीलाल बौराणा सहित कई संगठनों ने मांग उठाई है।
क्षेत्रवासियों ने वर्तमान में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान से भी इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आग्रह किया है।
इनका कहना है…
श्रीमती शोभा चौहान, विधायक सोजत — सोजत में शीघ्र आयुर्वेद चिकित्सक लगाने के लिए आयुर्वेद चिकित्सा मंत्री से मुलाकात करूंगी। साथ ही नागरिक संगठनों की मांग के अनुसार आयुर्वेद चिकित्सालय को आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करवाने के प्रयास भी किए जाएंगे।
सुरेश ओझा, अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक समिति — सोजत विधानसभा क्षेत्र काफी बड़ा है। यदि उपखंड स्तर पर आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सक उपलब्ध होंगे तो लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
लालचंद मोयल, अध्यक्ष पेंशनर समाज — सोजत आयुर्वेद चिकित्सालय को आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया जाना चाहिए, ताकि एक ही स्थान पर विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों की सुविधाएं मिल सकें।
अनोपसिंह लखावत, अध्यक्ष चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन सोशियो — आयुर्वेद चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन के साथ पर्याप्त स्टाफ और चिकित्सकों की व्यवस्था की जानी चाहिए तथा इसे आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करना समय की मांग है।
पुष्पत राज मुणोत, मंत्री सोजत सेवा मंडल — लगभग 60 हजार की आबादी वाले सोजत शहर में आयुर्वेद चिकित्सक की सख्त आवश्यकता है। हमारा प्रयास रहेगा कि विधानसभा के इस सत्र में विधायक शोभा चौहान सोजतवासियों को होली मेले के उपहार के रूप में यह सौगात दिलवाएं।



