
सोजत वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत (पाली):
सोजत शहर में सोमवार को ‘गो सम्मान अभियान’ के तहत गोप्रेमियों और गोपुत्र सेना द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर गोवंश संरक्षण के समर्थन में जोरदार आवाज उठाई और सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
रैली की शुरुआत जैतारण दरवाजा से हुई, जहां सुबह से ही गोभक्तों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए लोग जुलूस के रूप में शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकले। तख्तियों पर ‘गो माता को राष्ट्रमाता घोषित करो’, ‘गो हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाओ’ और ‘अलग गो मंत्रालय बनाया जाए’ जैसे संदेश लिखे हुए थे।
यह जुलूस जैतारण दरवाजा से शुरू होकर जोहरी बाजार, चारभुजा मंदिर चौराहा, धानमंडी, सब्जीमंडी, मुख्य बाजार, राजपोल गेट और महावीर सर्किल होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचा। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने नारेबाजी कर माहौल को धार्मिक और उत्साहपूर्ण बना दिया।
एसडीएम कार्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सोजत तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गो संरक्षण से जुड़ी विभिन्न मांगों को प्रमुखता से रखा गया, जिसमें गो हत्या पर सख्त कानून, गोशालाओं को पर्याप्त सहायता और गोवंश के संरक्षण के लिए अलग मंत्रालय की स्थापना शामिल है।
रैली में कई संत-महात्मा और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इनमें संत गोविंदानंदगिरी महाराज, पूर्णानंदगिरी महाराज, अर्जुनदास महाराज, संत राधावल्लभ महाराज सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे। इसके अलावा गो सम्मान तहसील प्रभारी दिनेश मेवाड़ा, एडवोकेट मानवेन्द्र भाटी, पार्षद योगेश कुमार लखी, जीत मेवाड़ा, मोहित मेवाड़ा, भरत वैष्णव, धर्मेंद्र गर्ग सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गोवंश को भारतीय संस्कृति और आस्था का केंद्र बताते हुए इसके संरक्षण को समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि गो माता की सुरक्षा के लिए समाज और सरकार दोनों को मिलकर कार्य करना होगा।
रैली के सफल आयोजन से शहर में गो संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश फैलाया गया और लोगों में उत्साह देखने को मिला।


