सोजत में बड़ा हादसा टला: सड़क किनारे खड़ा बिजली पोल अचानक गिरा, इलाके की बिजली सप्लाई हुई बाधित।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। शहर के सिंघाड़ियों के बास क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ा एक बिजली का पोल अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि यह पोल सामने से गुजर रही टेलीफोन लाइनों पर जा अटका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि यह पोल सीधे सड़क पर गिरता, तो किसी गंभीर दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता था।

घटना के कारण गिरे हुए पोल के पीछे लगे दो अन्य बिजली पोल भी टेढ़े हो गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत बाहर आए और स्थिति देखकर तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई।

डिस्कॉम अधिकारियों के अनुसार, यह बिजली पोल बहुत पुराना नहीं था, ऐसे में इसके अचानक गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मोहल्ले में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

जोधपुर डिस्कॉम की कनिष्ठ अभियंता (सिटी) प्रियंका जोरवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत बिजली सप्लाई बंद करवा दी गई थी। संबंधित ठेकेदार को पोल सीधा करने और तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि शाम तक मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते पोल टेलीफोन लाइनों पर अटक गया, वरना किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था।

Leave a Comment

error: Content is protected !!