सोजत में बेखौफ चोरों का आतंक: शादी समारोह के बाहर से बाइक चोरी, CCTV में कैद पूरी वारदात



*वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा*
सोजत (पाली)।
शहर में बाइक चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस का जरा भी डर नहीं रह गया है। आए दिन हो रही बाइक चोरी की घटनाओं ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला सोजत शहर का है, जहां एक शादी समारोह स्थल के बाहर खड़ी बाइक को चोर ने महज दो मिनट से भी कम समय में चोरी कर लिया। पूरी वारदात आयोजन स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, नवीन कुमार, जो पेशे से मजदूर है, 5 फरवरी को सोजत पुलिस थाने के पीछे स्थित पोकर फार्म हाउस में एक शादी समारोह में मजदूरी करने आया था। नवीन कुमार ने अपनी बाइक समारोह स्थल के बाहर खड़ी की और काम में लग गया। समारोह समाप्त होने के बाद जब वह घर लौटने के लिए बाहर आया, तो उसकी बाइक मौके से गायब मिली।

बाइक नहीं मिलने पर नवीन कुमार ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद आयोजन स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति, जिसने जैकेट और मफलर पहन रखा था, रात करीब 8:40 बजे बाइक के पास आता है और महज दो मिनट से भी कम समय में बाइक लेकर फरार हो जाता है।

पीड़ित नवीन कुमार ने इस संबंध में सोजत थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक चोर का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से नागरिकों में रोष और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस की गश्त व निगरानी नाकाफी साबित हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी चोर तक पहुंच पाती है और शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर कब तक लगाम लगती है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!