सोजत रोड नगर पालिका में एसीबी का बड़ा एक्शन: पट्टा प्रकरण में 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते पूर्व ग्राम पंचायत कर्मचारी ट्रैप

राकेश भटनागर

सोजत रोड। पाली जिले के सोजत रोड नगर पालिका में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पट्टा प्रकरण में कथित रूप से 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पूर्व ग्राम पंचायत कर्मचारी परमानंद शर्मा को रंगे हाथों ट्रैप किया। कार्रवाई से नगर पालिका परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पट्टा प्रकरण से संबंधित एक शिकायत एसीबी पाली को मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संबंधित कार्य को आगे बढ़ाने और पट्टा संबंधी प्रक्रिया पूरी कराने की एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।

एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देरावर सिंह सोढ़ा के नेतृत्व में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसीबी टीम ने आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी गई।

कार्रवाई के बाद आरोपी से एसीबी अधिकारी उससे गहन पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। एसीबी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति या अधिकारी भी शामिल है या नहीं।

इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी की टीम ने आवश्यक दस्तावेजों और रिकॉर्ड की भी जांच की। बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद एसीबी मामले में विस्तृत खुलासा कर सकती है।

एसीबी अधिकारियों ने फिलहाल बताया है कि कार्रवाई अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।

फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

..

error: Content is protected !!