स्कूल गया 12 साल का मासूम… शाम को जंगल में मिला गला कटा शव, पैरों को तीन जगह से बांधकर फेंका, इलाके में सनसनी,
सोजत क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात, स्कूल से घर नहीं लौटा बच्चा; तालाब के पास मिला लहूलुहान शव, हत्या की आशंका गहराई


✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत। शिवपुरा थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान इलाके से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार को स्कूल गए 12 वर्षीय मासूम बच्चे का शव देर शाम जंगल में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बच्चे की निर्मम हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत देखकर ग्रामीणों और परिजनों के रोंगटे खड़े हो गए।

मृतक की पहचान आरिफ (12) पुत्र फिरोज खान निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आरिफ गुरुवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। स्कूल की छुट्टी के बाद जब वह देर शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, दोस्तों और गांव में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

तालाब के पास मिला मासूम का शव

काफी खोजबीन के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने आसपास के जंगल क्षेत्र में तलाश शुरू की। शाम करीब 7 बजे रामासनी सांदवान क्षेत्र के जंगल में स्थित तालाब के पास आरिफ का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे निशान मिले हैं। इतना ही नहीं, उसके दोनों पैर तीन अलग-अलग जगहों से रस्सी या कपड़े से बंधे हुए थे। घटना की भयावह स्थिति को देखकर यह मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश

मासूम बच्चे की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस बेरहमी से बच्चे की हत्या की गई है, उससे क्षेत्र में भय का वातावरण बन गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप बेसुध हो गए, वहीं गांव की महिलाओं और बच्चों में भी दहशत फैल गई। ग्रामीण लगातार पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।

डीएसपी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सोजत डीएसपी रतनाराम देवासी, शिवपुरा थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। एफएसएल टीम द्वारा मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी रतनाराम देवासी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चा जंगल तक कैसे पहुंचा और इस हत्या के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और बच्चे के संपर्क में रहने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस स्कूल से लेकर जंगल तक के रास्तों की पड़ताल कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अभी सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर मासूम आरिफ का कसूर क्या था।

Leave a Comment

error: Content is protected !!