
सोजत न्यूज़ वरिष्ठ पत्रकार: ओमप्रकाश बोराणा
सोजत सिटी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सोजत सिटी में भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। आगामी 2 अप्रैल, गुरुवार को दोपहर 3 बजे विश्व हिंदू परिषद (विहिप), बजरंग दल एवं मातृशक्ति के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल और आकर्षक शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
यह शोभा यात्रा जैतारणिया गेट स्थित वाल्मीकि समाज बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। यात्रा का रूट श्रीचारभुजानाथ मंदिर मार्ग, धानमंडी, सब्जी मंडी, मुख्य बाजार, राजपोल गेट होते हुए बस स्टैंड स्थित वीर हनुमान मंदिर तक निर्धारित किया गया है।
शोभा यात्रा में भगवान हनुमानजी की सुसज्जित पालकी, संत-महात्माओं के रथ, विभिन्न अखाड़ों के प्रदर्शन और आकर्षक धार्मिक झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पूरे मार्ग को धार्मिक रंग में रंगने के लिए सजावट, ध्वज और स्वागत द्वार लगाए जा रहे हैं।
यात्रा के समापन पर वीर हनुमान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा सुरक्षा, व्यवस्था और सुचारू संचालन के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
शहरवासियों में इस धार्मिक आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है, और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।



