18 वर्षों की सराहनीय सेवा के बाद होमगार्ड जवान बाबूलाल शर्मा हुए सेवानिवृत्त, सोजत में सम्मान समारोह का हुआ आयोजन



सोजत। सोजत होमगार्ड उपकेंद्र में होमगार्ड जवान बाबूलाल शर्मा (बेल्ट नंबर 341) के सेवा निवृत्त होने के अवसर पर भावभीना सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों एवं होमगार्ड के जवानों ने उनके लंबे, अनुशासित और समर्पित सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सोजत उपकेंद्र प्रभारी रमेश कुमार, कंपनी कमांडर मूलचंद, मुकेश कुमार, हारून खान, रतन सिंह सहित कंपनी के सभी जवान उपस्थित रहे। सभी ने बाबूलाल शर्मा के कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और अनुशासित सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए हर जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी कार्यशैली और समर्पण नए जवानों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

सेवानिवृत्ति समारोह के दौरान अधिकारियों एवं जवानों ने बाबूलाल शर्मा का माल्यार्पण एवं अभिनंदन कर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, लेकिन समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा का भाव जीवनभर बना रहता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि बाबूलाल शर्मा आगे भी अपने अनुभवों से समाज और युवाओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अधिकारियों एवं जवानों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की देखभाल करने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

समारोह के अंत में सभी जवानों ने अपने साथी बाबूलाल शर्मा को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की कामना की। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां साथियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादों को साझा किया और उनके योगदान को सदैव याद रखने की बात कही।

error: Content is protected !!