सोजत: सशक्त नारी समृद्ध राजस्थान के तहत महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन,नारी सशक्त तो समाज सुरक्षित— शोभा चौहान

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। भाजपा सोजत मंडल में राजस्थान सरकार की महिला सशक्तिकरण की व्यापक पहल “सशक्त नारी समृद्ध राजस्थान” अभियान के अंतर्गत महिला खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


प्रतियोगिताओं में रस्सा-कस्सी, चम्मच दौड़, म्यूजिकल चेयर, बाधा दौड़, बलून डांस एवं एकल नृत्य सहित अनेक खेल आयोजित किए गए। सभी खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागी महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर महिला भामाशाहों द्वारा विद्यालय विकास के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया गया, जिससे शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को नई मजबूती मिली।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सोजत विधायक शोभा चौहान ने कहा कि महिलाओं का सशक्त होना समाज और प्रदेश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है, तथा इस प्रकार के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देते हैं।


वहीं नगरपालिका अध्यक्ष मंजू निकुम एवं मंडल अध्यक्ष कीर्ति तंवर ने बताया कि सरकार की योजनाएं तभी सफल होती हैं जब महिलाएं बढ़-चढ़कर उनमें भागीदारी निभाएं। महिला सशक्तिकरण से ही सशक्त राजस्थान का निर्माण संभव है।


कार्यक्रम में प्रभारी के रूप में गुणवंती मेहता, पूर्णिमा सोनी, हेमलता चौधरी, संगीता पंवार, अनीता श्रीवास्तव, चमन खींची एवं दीपिका शर्मा टोनू चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई। मंच का सरस संचालन पूर्णिमा सोनी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मंडल के राजेश तंवर, हीरालाल कांठेर, तरुण सोलंकी, दीपक पंवार, उगमराज सांखला, महेश सोनी, राकेश खींची, विकास गहलोत, रमेश कुमार देवड़ा, राजेंद्र शर्मा, साजिद मोहम्मद सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!