

Sojat सोजत
सोजत न्यूज़ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत।
मेहंदी नगरी सोजत के प्रमुख आस्था स्थल सुरेश्वर महादेव मंदिर तीर्थ में भव्य रूप से 101 दीपकों की महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की आलोकित ज्योति, वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं की आस्था ने पूरे तीर्थ क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया। महाआरती से पूर्व आयोजित समारोह में धर्म, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण एवं तीर्थ विकास पर विचार व्यक्त किए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि धार्मिक स्थल केवल हमारी आस्था के केंद्र ही नहीं होते, बल्कि ये हमें मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि सुरेश्वर महादेव तीर्थ क्षेत्र अत्यंत प्राचीन है और यह ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। यहां आने से आत्मिक शांति की अनुभूति होती है तथा इस पावन स्थल के विकास का दायित्व हम सभी का है।
पूर्व विधायक खुशवीर सिंह ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक स्थलों पर आने से मन सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के साथ-साथ हमें पर्यावरण की रक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।
आयोजन के सूत्रधार चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन सोशियो के ग्लोबल अध्यक्ष अनोपसिंह सिंह लखावत ने कहा कि महादेव की यह तपोभूमि समाज को नई ऊर्जा, प्रेरणा और सद्मार्ग पर चलने की सीख देती है।
चेयरमैन प्रतिनिधि जुगल किशोर निकुंम ने कहा कि सुरेश्वर महादेव तीर्थ के विकास के लिए सभी मिलकर निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा ने सोजत को ऋषि-मुनियों की पावन धरा बताते हुए इसके धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
अखिल भारतीय गुरु फूलनारायण आश्रम न्यास के अध्यक्ष सुरेन्द्र त्रिवेदी ने कहा कि यह महान तपोभूमि कण-कण में आध्यात्मिक ऊर्जा समेटे हुए है।
पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से आत्मिक शांति प्राप्त होती है और सामाजिक समरसता भी सुदृढ़ होती है।
इस अवसर पर श्रीमती निहाल कंवर, श्रीमती मंजू लखावत, विकास अधिकारी सुरेश कविया, हितेन्द्र व्यास, सत्यनारायण गोयल, अधिवक्ता अजीत सिंह, सीबीईओ दलपत सिंह सांखला, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, प्रधानाचार्य स्वरूप सिंह उदावत, रमेश व्यास, पार्षद जोगेश जोशी, अनिल ओझा, धीरेन्द्र व्यास, सुरेन्द्र व्यास, अशोक शर्मा, बार एसोसिएशन अध्यक्ष देवेन्द्र व्यास, देवीलाल सांखला, जुगल दवे, गोरधन लाल गहलोत, ताराचंद सेनी, पुजारी हरीश त्रिवेदी, गोपाल अवस्थी, लखन त्रिवेदी, राहुल त्रिवेदी, रामस्वरूप भटनागर, प्रकाश सोनी, सलुसिंह भाटी, लक्ष्मण राम पालडिया, अशोक सैन, श्यामलाल, जवरीलाल बोराना, रशीद गोरी, उमा शंकर द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान गुरु फूलनारायण आश्रम न्यास, महालक्ष्मी ट्रस्ट, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन, बुढ़ायत माता मंदिर व्यवस्था समिति, वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, अभिनव कला मंच, सोजत सेवा मंडल, भारत विकास परिषद, रोशनी फाउंडेशन, मानव सेवा समिति सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा मीडिया कर्मियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का सरल, गरिमामय एवं प्रभावी संचालन पुष्पत राज मुणोत एवं चेतन व्यास ने किया। महाआरती के साथ ही वातावरण “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।



