सोजत जिला अस्पताल को मिली बड़ी सौगात, तीन विशेषज्ञ डॉक्टरों की हुई नियुक्ति।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। सोजत जिला अस्पताल को सरकार की ओर से बड़ी सौगात मिली है। अस्पताल में तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी। इन नियुक्तियों का सीधा लाभ सोजत शहर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अब बेहतर, समय पर और विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
सरकार द्वारा जारी आदेशों के तहत सोजत जिला अस्पताल में डॉ. हिमांशी चौधरी, डॉ. विजय कुमावत एवं डॉ. फरहाद नासिर की नियुक्ति की गई है। इन विशेषज्ञ डॉक्टरों के आने से अस्पताल में इलाज की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को अब बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
इन नियुक्तियों का श्रेय सोजत विधायक श्रीमती शोभा जी चौहान के निरंतर प्रयासों को दिया जा रहा है, जिनके माध्यम से लंबे समय से चली आ रही विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर किया जा सका।
सोजत जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि नए विशेषज्ञों की नियुक्ति से अब मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा और उन्हें तुरंत परामर्श व उपचार मिल सकेगा। इससे अस्पताल पर बढ़ता दबाव भी कम होगा।
वहीं, शहरवासियों और क्षेत्र के लोगों ने इन नई नियुक्तियों पर खुशी जाहिर करते हुए सरकार व विधायक का आभार प्रकट किया है और इसे सोजत के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।



