सोजत:वीर परिवार सहायता योजना के अंतर्गत, सैकड़ों लोगों को मिली कानूनी अधिकारों की जानकारी।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वाधान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति, सोजत के आदेशानुसार शहीद दिवस के उपलक्ष में वीर परिवार सहायता योजना के अंतर्गत देश सेवा में समर्पित जवानों एवं उनके परिवारों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने को लेकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सरदारपुरा एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बासनी मुथा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में अधिकार मित्र (पीएलवी) सांवल प्रभात व्यास द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को शपथ दिलाते हुए विधिक जागरूकता प्रदान की गई। इस अवसर पर उन्होंने बाल विवाह निषेध अभियान के तहत बताया कि बाल विवाह एक गंभीर एवं दंडनीय अपराध है, जो बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य को गम्भीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने बाल विवाह निषेध अधिनियम 2006 की प्रमुख धाराओं की जानकारी देते हुए समाज से इसे समाप्त करने हेतु सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
पीएलवी ने बाल विवाह की सूचना देने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर एवं विधिक सहायता संसाधनों की जानकारी साझा की। साथ ही कार्यस्थल पर महिलाओं के अधिकार, लैंगिक उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधान, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराध से बचाव, नालसा पोर्टल तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में नवीन नालसा योजनाओं जैसे नालसा संवाद स्कीम, नालसा जागृति स्कीम, नालसा डॉन स्कीम, नालसा साथी अभियान, साथ ही भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिकता संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023, मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना, आरटीआई एक्ट, रिस्टोरिंग द यूथ अभियान, निःशुल्क विधिक सहायता, मध्यस्थता एवं लोक अदालत प्रक्रिया तथा न्याय आपके द्वार अभियान की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश बालोटिया, मुकेश गोदारा, नन्द किशोर राजोरिया, कालूराम सीरवी, सपना मारू, हितेश लक्षकार एवं सांवल प्रभात व्यास सहित सैकड़ों विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर विधिक जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक कानून की जानकारी पहुँचाकर उसे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।



